हनुमानगढ़ , अक्टूबर 10 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में रिजॉर्ट पर छापे के बाद इसके संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि आठ अक्टूबर रात को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (सीएमएचओ) अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा की अगुवाई में दल ने इस रिजॉर्ट पर छापा मारा था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात डॉ. शर्मा द्वारा पुलिस को की गई शिकायत में बताया गया है कि रिजॉर्ट में किचन में उपयोग हो रहे बर्तन, चूल्हा और तवे की सफाई का अभाव था। इन पर कार्बन जमा पाया गया। डीप फ्रिज में फंगस लगी हुई थी और उसमें भंडारित अदरक पर भी फंगस था। अवधिपार दूध और छाछ का संग्रहण भी डीप फ्रिज में किया जा रहा था। खाद्य सामग्री और पेय पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला में जांच में उचित मापदंड पर खरे नहीं उतरे।

इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 125, 127, 272, 275 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुशील कुमार कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित