हनुमानगढ़ , मार्च 01 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के कुख्यात बंबीहा गिरोह से जुड़े दो बदमाशों को गिरफ्तार करके उनसे अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन (30) और पवनदीपसिंह उर्फ बिल्ला उर्फ सन्नी (25) निवासी बरगाड़ी तहसील जैतों थाना बाजाखाना, जिला फरीदकोट, पंजाब के रूप में हुई है। बदमाशों से 11 पिस्तौलें और 22 मैग्जीन बरामद किये गये हैं। उन्होंने बताया कि ये हथियार पंजाब में गिरोहों के खूनी संघर्ष के लिए इस्तेमाल होने वाले थे। इन बदमाशों की गिरफ्तारी से एक बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम हो गयी है।
श्री ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि इंदौर (मध्यप्रदेश) से पंजाब की ओर अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप सड़क मार्ग से ले जाई जा रही है। इस पर लक्खूवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर मान के नेतृत्व में गठित पुलिस दल ने नाकाबंदी की। आज तड़के एक बस की तलाशी के दौरान दो संदिग्ध युवक बस से उतरकर मुख्य नहर के पटड़े की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके उन्हें धर दबोंचा। तलाशी लेने पर उनके बैग से 11 पिस्तौलें और 22 मैग्जीन बरामद हुईं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये हथियार पंजाब में गिराेहों के खूनी संघर्ष के लिए इस्तेमाल होने थे। इनका सम्बन्ध पंजाब के कुख्यात बंबीहा गिरोह से हैं। बंबीहा गिरोह पंजाब में सक्रिय एक संगठित अपराधी गिरोह है, जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का प्रमुख दुश्मन माना जाता है। गिरोह के सदस्य अक्सर हथियारों की तस्करी, फिरौती और अन्य हिंसक वारदातों में शामिल रहते हैं। राजस्थान की सीमा पंजाब से सटी होने के कारण ऐसे गिरोह अक्सर यहां से हथियारों की आपूर्ति करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित