हनुमानगढ़ , मई 20 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ में पुलिस प्रशासन ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए बुधवार को कई ठिकानों पर छापेमारी की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस विशेष अभियान में करीब 250 पुलिसकर्मी शामिल हुए। 20 अलग-अलग दलों ने शहर के संवेदनशील इलाकों में एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई उन शिकायतों पर आधारित थी जिनमें नशा तस्करी और चिट्टा के कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश था। पुलिस ने पूरे अभियान को अत्यंत गोपनीयता के साथ पूरा किया ताकि कोई भी संदिग्ध पहले से सतर्क न हो सके।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र के सिकलीगर मोहल्ले में पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। वहीं हनुमानगढ़ जंक्शन क्षेत्र के खुंजा क्षेत्र में भी कई दल एक साथ पहुंचे और तलाशी ली। एजीटीएफ, डीएसटी और जिला पुलिस की संयुक्त दलों ने इस अभियान को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान में कई अधिकारी खुद मैदान में उतरे और पूरे अभियान की निगरानी की। दलों को अलग-अलग समूहों में बांटकर काम सौंपा गया था। कुछ दलों ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तो कुछ दलों ने पूरे घरों और गलियों को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ कुछ गिरफ्तारियां करना नहीं बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ना है। पुराने रिकॉर्ड, गुप्त सूचना और स्थानीय मुखबिरों की सूचना के आधार पर चिन्हित जगहों पर ही अभियान को केंद्रित रखा गया। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित