हनुमानगढ़ , जुलाई 14 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ में पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 12 बोर की एक राइफल, 32 बोर का एक पिस्तौल, 16 जीवित कारतूस और 6.17 ग्राम से अधिक हेरोइन भी बरामद हुई है। ये बदमाश जिस स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने मंगलवार को पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपियों में सुनील उर्फ गोलू जाट (38) मुख्य रूप से शामिल है। नोहर थाना क्षेत्र के कुख्यात बदमाश सुनील के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, अवैध शराब, हथियार और अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम के करीब 43 मामले दर्ज हैं।

दूसरा मुख्य बदमाश रमेश उर्फ धोलू जाट (28) है। वह हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र का कुख्यात बदमाश है। उस पर मारपीट, अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम के 12 दम दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि अन्य बदमाशों में श्रवण जाट (49), जगदीश उर्फ पहलवान (28), सुरजीत पंवार (37) और निखिल जाट (19) हैं।

उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम को पुलिस ने इन बदमाशों को एक स्कॉर्पियो गाड़ी में जाते हुए पकड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित