श्रीगंगानगर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस ने मार्च माह में अभियान चलाकर यातायात नियम तोड़ने वाले 8770 वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की।
हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के मुताबिक सबसे ज्यादा 3551 चालान तेज गति से गाड़ी चलाने वाले चालकों के खिलाफ काटे गए। इसके बाद बिना हेलमेट के वाहन चलाने के 2470 मामले दर्ज हुए। मोबाइल पर बातचीत करते हुए ड्राइविंग करने वाले 266 चालकों को भी नोटिस मिला। इनके अलावा शराब पीकर गाड़ी चलाने के 57, गलत साइड या खतरनाक ड्राइविंग के 235, सीट बेल्ट न लगाने के 465 और अवैध पार्किंग के 737 मामले भी सामने आए।
अन्य उल्लंघनों में 131 चालकों पर अधिक सवारी बैठाने, 49 पर बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, 35 पर नो-एंट्री जोन में घुसने और 70 पर ब्लैक फिल्म लगाने के चालान किए गए।
पुलिस ने 78 ड्राइवरों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश परिवहन विभाग को भेजी है। साथ ही 35 मॉडिफाइड वाहनों को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया गया। हाईवे पर ढाबों के बाहर गलत तरीके से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई हुई और ढाबा संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी अनियमितताएं न दोहराएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित