जयपुर , मई 07 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ के पल्लू में स्टेट बैंक आफ इंडिया (एसबीआई) शाखा में करीब नौ करोड़ रुपये का फर्जी फसल बीमा क्लेम तैयार करने का मामला सामने आया है।

राज्य के कृषि मंत्री डाॅ किरोड़ी लाल मीणा के अनुसार इस बैंक में फसल बीमा में बड़े फर्जीवाड़े की गंभीर शिकायत सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि वह गुरुवार को इस एसबीआई शाखा पर पहुंचे तो फसल बीमा में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ और जांच में पता चला कि 66 फर्जी किसानों के खाते खोलकर उन्हें ऋणी दर्शाया गया और करीब नौ करोड़ रुपये का फर्जी फसल बीमा क्लेम तैयार किया गया।

बताया जा रहा है कि यह राशि इसी सप्ताह निकाली जाने वाली थी लेकिन समय रहते पूरे मामले का खुलासा हो गया। इसके बाद डॉ मीणा ने कहा कि अन्नदाता के नाम पर भ्रष्टाचार और लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जायेगी। पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं तथा दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित