हनुमानगढ़ , जुलाई 09 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं जनभागीदारी के साथ मनाया जायेगा।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि तीन दिवसीय "पंच गौरव भटनेर उत्सव" का शुक्रवार को आगाज होगा। उत्सव का शुभारंभ 32 किलोमीटर की 'तिरंगा नशा मुक्ति साइकिल रैली' से होगा। यह रैली हनुमानगढ़ टाऊन के सेंट्रल पार्क से सुबह साढ़े पांच बजे जीरो आरडी तक और पुनः सेंट्रल पार्क तक निकाली जायेगी। इसके साथ ही जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में 'हनुमानगढ़ गोट टेलेंट', त्रिस्तरीय प्रश्नोत्तरी, सजीव चित्रकारी, संगीत एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा।
ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर 'नशा मुक्ति तिरंगा सम्मान' कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और मानव श्रृंखला भी आयोजित होगी। शुक्रवार शाम को सेंट्रल पार्क, हनुमानगढ़ टाउन में 'रंग-तरंग' सांस्कृतिक संध्या, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही 11 जुलाई को भी दिनभर विभिन्न कार्यक्रम और शाम को सांस्कृतिक संध्या होगी। दूसरे दिन 12 जुलाई को भटनेर दुर्ग से सेंट्रल पार्क तक आयोजित 'रन फॉर हनुमानगढ़' एवं शोभायात्रा में मशक वादन, कच्छी घोड़ी, राजस्थानी रोबिले ग्रुप, श्रीगंगानगर की हडिपा पंजाबी ढोल टीम और गोगामेड़ी की बीन-भपंग-बांसुरी जुगलबंदी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।इसी दिन शाम को उत्सव का भव्य समापन हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में आयोजित 'सुरमई संध्या' स्टार नाइट के साथ होगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित