हनुमानगढ़ , अगस्त 01 -- राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के हनुमानगढ़ आगार को हाल ही में प्राप्त 11 नई बसों का शनिवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने बसों को जनसेवा के लिए रवाना करते हुए यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं आधुनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निगम के प्रयासों की सराहना की।

आगार के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए नई बसों का संचालन हनुमानगढ़-जोधपुर, हनुमानगढ़-जयपुर, गंगानगर-जयपुर, गंगानगर-सिरसा, गंगानगर-राजगढ़ सहित अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर प्रारंभ किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि हनुमानगढ़ से जोधपुर के लिए नई सीधी बस सेवा शुरू की गई है। यह बस प्रतिदिन सुबह सात बजे हनुमानगढ़ से रवाना होकर शाम करीब साढ़े छह बजे जोधपुर पहुंचेगी। वापसी में बस सुबह छह बजे जोधपुर से प्रस्थान करके शाम करीब साढ़े पांच बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। इस सेवा से पीलीबंगा, सूरतगढ़, अर्जुनसर, महाजन, लूणकरनसर, बीकानेर, नोखा और नागौर सहित मार्ग के कई शहरों को यात्रियों को सीधी एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित