हैदराबाद , मई 11 -- तेलंगाना सरकार के सलाहकार वी. हनुमंत राव ने सोमवार को कहा कि हैदराबाद में हाल ही में एक जनसभा के दौरान कांग्रेस पार्टी के खिलाफ की गयी टिप्पणियों को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

श्री राव ने गांधी भवन में पत्रकारों से बात करते हुये आरोप लगाया कि श्री मोदी ने कांग्रेस को "मुस्लिम और माओवादी पार्टी" बताकर "दुर्भावनापूर्ण" टिप्पणियां की हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुस्लिम भारतीय समाज का हिस्सा नहीं हैं और इस बात पर जोर दिया कि इस समुदाय ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री पर देश को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया और दावा किया कि श्री मोदी आरएसएस के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं। श्री राव ने यह भी कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने पिछड़े वर्गों के प्रति प्रधानमंत्री की तुलना में अधिक ईमानदारी दिखाई है।

उन्होंने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से हस्तक्षेप करने और श्री मोदी को राष्ट्रव्यापी पिछड़ा वर्ग जाति जनगणना कराने के लिए मनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि पिछड़े वर्गों और अन्य पिछड़े वर्गों की अलग से गणना करने का कोई प्रावधान नहीं है, तो इन वर्गों को जनगणना प्रक्रिया में भाग लेने से बचना चाहिये। श्री राव ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री पिछड़ा वर्ग समुदाय को धोखा दे रहे हैं और पिछड़े वर्गों से संबंधित लगभग 60 करोड़ लोगों के साथ अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि श्री मोदी की नीतियां अंबानी और अडानी जैसे उद्योगपतियों के पक्ष में होती हैं, जबकि कमजोर वर्गों के कल्याण की उपेक्षा करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित