हैदराबाद , नवंबर 10 -- तेलंगाना सरकार के सलाहकार वी. हनुमंत राव ने मांग करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार यह स्पष्ट करे कि चल रही देशव्यापी जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से संबंधित जातिगत आंकड़ों को क्यों शामिल नहीं किया गया है।

उन्होंने मंगलवार को यहां गांधी भवन में मीडिया से बात करते हुए इस बात के विरोध में सरकारी गजट की प्रतियां फाड़ दीं और ऐलान करते हुए कहा कि जातिगत जनगणना के प्रावधान के बिना जारी की गई कोई भी अधिसूचना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने भाजपा पर पिछड़े वर्गों के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जब भी भाजपा नेता गांवों का दौरा करें, तो वे उनसे ओबीसी जाति की गणना को लेकर सवाल करें।

उन्होंने कहा कि वह पिछड़े वर्गों की चिंताओं को लगातार राज्य सरकार के संज्ञान में लाते रहेंगे और जब तक जातिगत जनगणना की उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक वे अपनी जान की बाजी लगाकर भी उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित