पूर्णिया , अक्टूबर 16 -- िहार के पूर्णिया जिले में विश्वकर्मा पूजा के दौरान आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के 28 दिन बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के दिन बनमनखी के वार्ड संख्या 20 स्थित धीमा गांव में आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान एक युवक हाथ में हथियार लेकर मंच पर चढ़ गया। हथियार देखकर मंच पर नृत्य कर रही डांसर भी डर गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।पुलिस ने धीमा गांव के वार्ड संख्या 20 निवासी मंटून सिंह उर्फ दिवाकर सिंह के पुत्र सुंदरम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है।
बनमनखी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम ने प्रेस वार्ता में बताया कि वीडियो का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित