मुजफ्फरपुर, 29मार्च (वार्ता) मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दबंगई दिखाने का फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान शिवदासपुर निवासी मोहम्मद समीउल्लाह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वह खुद को दबंग दिखाने की कोशिश कर रहा था। यह तस्वीर तेजी से वायरल हो गई और पुलिस के संज्ञान में आ गई। इसके बाद पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हथियार उसका नहीं, बल्कि उसके एक दोस्त का है। उसने केवल फोटो खिंचवाने के लिए हथियार लिया था और उसे व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया था। बाद में किसी ने उसका स्क्रीनशॉट लेकर वायरल कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, असली हथियार मालिक की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित