पटना , अप्रैल 04 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने हथियार के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर तीन बालकों को निरूद्ध किया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाढ़-01 राम कृष्णा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की रात एनटीपीसी थाना को सूचना प्राप्त हुई कि बल्लोपुर गांव में कुछ व्यक्ति अवैध आग्नेयास्त्र लेकर कहीं जाने की तैयारी में हैं।

सूचना के आधार पर एनटीपीसी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थल पर घेराबंदी की तथा एक मोटरसाइकिल पर सवार चार लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उनके पास से दो देशी कट्टा एवं आठ कारतूस बरामद किए गए।इसके बाद एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया तथा तीन विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है। मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है ।अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित