वाराणसी , जून 16 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
चोलापुर थाना पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को कटारी ब्लॉक के पीछे स्थित अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में रैचनपुर निवासी अखिलेश उर्फ मोनू राजभर (27), अटेसुआ निवासी अरुण राजभर (21), धौरहरा (चौबेपुर) निवासी हिमांशु कुमार उर्फ सनी (28), शिवरामपुर निवासी आभाष सिंह (23), नेहियां निवासी विशाल सिंह (19), गोसाईंपुर मोहांव निवासी अनिकेत चौहान (20) तथा गुरवट निवासी नमन मिश्रा उर्फ अस्तीशू (25) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक .32 बोर रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस (.32 बोर), एक 7.65 एमएम पिस्टल व दो कारतूस, एक .315 बोर तमंचा व तीन कारतूस, एक 9 एमएम पिस्टल व दो जिंदा कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अवैध हथियार अपने पास रखते थे और लोगों को भयभीत कर चोरी, छिनैती तथा लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। इसके अलावा अधिक धन मिलने पर तमंचा, पिस्टल और कारतूस की अवैध बिक्री भी करते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटे थे। इसकी सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित