जयपुर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय हस्तशिल्प एवं हथकरघा प्रदर्शनी 'दीपावली उत्सव' का शुक्रवार को समापन हो गया जिसमें ढाई हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान 80 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से स्थानीय शिल्पकारों एवं बुनकरों के उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। प्रदर्शनी के दूसरे एवं अंतिम दिन भी शहरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने विभिन्न स्टॉल्स पर उपलब्ध पारंपरिक एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की जमकर खरीदारी की।
प्रदर्शनी में जयपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिल्पकारों और बुनकरों द्वारा तैयार किए गए विविध पारंपरिक उत्पाद प्रमुख आकर्षण रहे। बगरू एवं सांगानेरी ब्लॉक प्रिंट, बंधेज, विश्वप्रसिद्ध जयपुर ब्लू पॉटरी, कुंदन-मीनाकारी आभूषण, काष्ठ शिल्प, तारकशी कला, पारंपरिक चित्रकलाएं, मिट्टी के बर्तन, गृह सज्जा सामग्री तथा दीपावली पूजन सामग्री को आगंतुकों ने विशेष रूप से पसंद किया। उत्पादों के प्रति लोगों की रुचि और उत्साहपूर्ण खरीदारी ने स्थानीय हस्तशिल्प की लोकप्रियता को प्रदर्शित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित