शिवपुरी , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के गोवर्धन थाना पुलिस ने हत्या एवं हत्या के प्रयास के एक मामले में तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने आज शाम जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम शिवम तोमर (22 वर्ष) है। सूत्रों के अनुसार गत 11 अक्टूबर को ग्राम गोवर्धन में आरोपी शिवम तोमर का अपने पड़ोस में रहने वाले अमन, बालवीर सहित अन्य लोगों से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपी पक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट की, जिसमें बालवीर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार घायल बालवीर को उपचार के लिए ग्वालियर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना की रिपोर्ट अमन द्वारा गोवर्धन थाना में दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी शिवम तोमर फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित