बैतूल , मई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की गंज थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब एक माह से पुलिस गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को हमलापुर निवासी विशाल सातनकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ओमप्रकाश यादव, नवीन यादव, फुलचंद उर्फ पिल्लु करोचे और उनके साथियों ने उसके पिता बाबूराव सातनकर के साथ मारपीट की थी। उपचार के दौरान बाबूराव सातनकर की मौत हो जाने पर प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ दी गई थी।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर चिचोली क्षेत्र के देवठान इलाके में घेराबंदी कर संजय यादव (27) निवासी लाखापुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने मेढ़ विवाद के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर बाबूराव सातनकर की पिटाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में ओमप्रकाश उर्फ नानु यादव, फुलचंद उर्फ पिल्लु करोचे और नवीन उर्फ नवीन्द्र यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित