मऊ , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप फास्ट ट्रैक कोर्ट ने हत्या के एक मामले में दो अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल द्वारा की गई सशक्त पैरवी के आधार पर अपर सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक कोर्ट-1, मऊ ने गुरुवार को धारा 302 व 201 भादवि थाना दोहरीघाट से संबंधित मामले में दोषसिद्ध अभियुक्त अरविंद यादव तथा वीरेंद्र यादव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों पर 14,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में उन्हें दो वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में सजा सुनिश्चित कराने में अभियोजन अधिकारी राजेश पांडेय, प्रभारी मॉनिटरिंग सेल निरीक्षक आर.आर. यादव तथा न्यायालय पैरवीकार आरक्षी दुर्गेश कुमार (थाना दोहरीघाट) का सराहनीय योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित