भीलवाड़ा , जून 07 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के बागोर थाना क्षेत्र में बेटी की शादी से ठीक पहले उसके पिता की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार करके एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।
थाना प्रभारी भंवरलाल ने रविवार को बताया कि पुलिस ने दबिश देकर लक्ष्मणगढ़ कॉलोनी (बागोर) निवासी मुख्य आरोपी किशन कंजर (27) और उसकी पत्नी सन्नुडी कंजर को शनिवार को देर रात गिरफ्तार कर लिया। वारदात में आरोपियों का साथ देने वाले एक बाल अपचारी (नाबालिग) को भी निरुद्ध किया है। किशन मृतक का भतीजा है। पुलिस आरोपियों से वारदात इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है।
श्री भंवरलाल ने बताया कि मृतक विनोद कंजर के भाई कैलाश कंजर ने बताया कि विनोद की बेटी अंजलि की शादी आठ जून को होनी तय हुई थी, जिसके चलते घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे और शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। तीन जून की रात करीब नौ बजे घर के बाहर डीजे बज रहा था और संगीत का कार्यक्रम चल रहा था, तभी विनोद घर के बाहर आकर बैठ गया।
विनोद और उसके भतीजे कमलेश उर्फ किशन के बीच लंबे समय से मनमुटाव था। घटना की रात घर के बाहर नृत्य करने और विवाह का आयोजन स्थल बदलने की बात को लेकर दोनों पक्षों में अचानक कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि काका-भतीजे के बीच लाठी-भाटा जंग शुरू हो गई। विवाद के दौरान गुस्साये किशन कंजर और उसकी पत्नी सन्नुडी कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियार लेकर विनोद पर टूट पड़े। आरोपियों ने विनोद के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमले में विनोद लहूलुहान होकर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित