भरतपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान में भरतपुर के नदबई थाना क्षेत्र में 25 मार्च को हुए ज्वेलर योगेंद्र चोपड़ा हत्या एवं लूटकांड के खुलासे को लेकर पुलिस के उच्चाधिकारियों के तमाम आश्वासनों की विफलता के बाद कस्बे में एक फिर जनआक्रोश बढ़ता नजर आ रहा है।

गुरुवार को पंजाबी कॉलोनी के श्रीराम मंदिर में सर्व समाज की बैठक में शुक्रवार सुबह नौ बजे रेलवे स्टेशन से विरोध रैली निकाल करके उपखण्डाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही थाने के मुख्य द्वार पर मृतक की पत्नी शालू चोपड़ा और उनके बच्चे सहित सर्व समाज के लोगों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने के और कस्बे के बाजार, सब्जी मंडी और निजी स्कूल भी बंद रखने की घोषणा की गई है।

समाज के लोगों ने कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक यह धरना जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित