भीलवाड़ा , जुलाई 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
एक ओर शास्त्री नगर में महिला बैंककर्मी अंजना पारिक की संदिग्ध मौत के मामले में नामजद आरोपी दो दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, वहीं दूसरी ओर बावलास गांव के साहूकार शोभालाल जैन हत्याकांड में भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने बागोर थाने का घेराव करके प्रदर्शन किया।
शास्त्री नगर निवासी बैंककर्मी अंजना पारिक की अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। मृतका के पिता और भाई ने पति जयेश पारिक, जेठ बृजेश पारिक, देवर अंकुर पारिक सहित सास-ससुर के खिलाफ कोतवाली थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। दो दिन बीतने के बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं होने से समाज में भारी नाराजगी है।
बावलास गांव के साहूकार शोभालाल जैन हत्याकांड को लेकर भी आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण बागोर थाने पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनकी अवैध और अचल संपत्तियों पर बुल्डोजर चलाने की मांग की। मृतक के परिवार की महिलाओं ने कहा कि शव मिलने के पांच दिन बाद भी पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी, जिससे परिवार और ग्रामीणों में भारी रोष है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित