जालौन , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की पुलिस ने थाना नदीगांव क्षेत्र में हुए राजकुमार बरार हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्त सोनू पाल उर्फ महते (32) निवासी ग्राम भकरोल को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार पांच जुलाई को ग्राम भकरोल के पास सड़क किनारे खेत में एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी पहचान राजकुमार बरार के रूप में हुई थी। मृतक की पत्नी सुमन की तहरीर पर थाना नदीगांव में हत्या एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। डॉक्टर ईशान सोनी अपर पुलिस अधीक्षक जालौन क्षेत्राधिकारी कोच द्वारा विशेष अभियान चलाकर गिरफ्तारी की गईपूछताछ में आरोपी सोनू पाल ने बताया कि 4 जुलाई को वह राजकुमार के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान राजकुमार गाली-गलौज करने लगा। मना करने के बावजूद नहीं मानने पर पहले उसने थप्पड़ मारा और फिर खेत में पड़े डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित