धार , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की टांडा थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 13 जुलाई को ग्राम डोबनी निवासी 45 वर्षीय गुलाब सिंह का शव बरामद हुआ था। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार के निशान मिलने पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम डोबनी निवासी 41 वर्षीय मांगीलाल पिता किशन मेहड़ा को मुख्य संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। विवेचना में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच शराब पीने के दौरान विवाद और गाली-गलौज हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने कथित रूप से धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी डेहरीपुरा के जंगल में छिपा है और गुजरात भागने की तैयारी में है। इस पर थाना प्रभारी टांडा निरीक्षक संजय रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित