भिण्ड , फरवरी 22 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में चर्चित छुन्ना गुर्जर हत्याकांड में पुलिस ने 15 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी रूपसिंह उर्फ रूपा धोबी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी लक्ष्मण धोबी अभी भी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
भिण्ड जिले में मौ थाना पुलिस के अनुसार 13 जनवरी 2026 की शाम खेत पर बने मकान में राजकुमार गुर्जर की 315 बोर के कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय उनका 10 वर्षीय पुत्र शिवम भी मौके पर मौजूद था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया और बच्चे के सामने ही उसके पिता की हत्या कर फरार हो गए थे।
पुलिस ने कल भिण्ड जिले के मालनपुर क्षेत्र स्थित एक मार्बल फैक्ट्री के सामने से रूपा धोबी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी दुश्मनी के चलते हत्या करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार रूपा धोबी चम्बल संभाग के भिण्ड, मुरैना और ग्वालियर जिलों में कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है तथा मालनपुर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके साथी लक्ष्मण धोबी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित