भिण्ड , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के दबोह में युवक मुकेश कुरचानियां की गोली मारकर हत्या के मामले में एक नाबालिग आरोपी ने आज दबोह थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
घटना 22 फरवरी की शाम दबोह की सब्जी मंडी के सामने हुई थी, जहां मुकेश कुरचानियां को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल मुकेश की लहार में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। दबोह थाना पुलिस ने इस मामले में अमित यादव और भगवान सिंह जाटव के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज किया था।
पुलिस ने पूर्व में भगवान सिंह जाटव को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के दौरान उसने बताया था कि घटना के समय उसके साथ बाइक पर एक अन्य व्यक्ति मौजूद था। इसके बाद पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित