हजारीबाग , मई 23 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के एक सक्रिय सदस्य को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि 22 मई की शाम पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहसिंघना थाना क्षेत्र के रोतरा गांव में राहुल दुबे गैंग के सदस्य जमा होकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोतरा स्थित नगर निगम डंपिंग यार्ड के समीप छापेमारी की। इस दौरान पगमील आजाद नगर पेलावल निवासी 25 वर्षीय जियाउल रहमान उर्फ मोजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, एक मैग्जीन, दो जिंदा कारतूस, पांच खोखा, एक खाली मैग्जीन तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बानादाग रेलवे साइडिंग क्षेत्र में लेवी वसूली और दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग करने की योजना बना रहा था। इस मामले में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 57/26 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि राहुल दुबे गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित