हजारीबाग , दिसंबर 24 -- झारखंड के हजारीबाग पुलिस ने फर्जी संस्था एवं तथाकथित मुद्रा बैंक से लोन दिलाने के नाम पर भोले-भाले लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 09 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई 23 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को प्राप्त गुप्त सूचना एवं प्रतिविम्ब ऐप पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई।
प्राप्त सूचना के अनुसार कुछ व्यक्ति फर्जी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से बड़ी रकम वसूल रहे थे तथा उनका वर्तमान ठिकाना विनोबा भावे नगर, सिंदूर (कोर्रा थाना क्षेत्र) बताया गया। सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित कुमार (भापुसे) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित कुमार ने आज यहां बताया कि गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी में संलिप्त 09 अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार किया। छापामारी के दौरान घटना में प्रयुक्त एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार, विभिन्न कंपनियों के 27 मोबाइल फोन, 07 सिम कार्ड, तथा 23 रजिस्टर/कॉपी बरामद किए गए, जिनमें ठगी से संबंधित महत्वपूर्ण विवरण दर्ज थे।
इस संबंध में कोर्रा थाना कांड संख्या 230/25, दिनांक 23.12.25 के तहत धारा 317/319/318/338/340/61(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(सी)/66(डी) आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल के सदस्य अमित कुमार (भा०पु०से०), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, पु०नि० नंदकिशोर साह, सदर अंचल, हजारीबाग, पु०अ०नि० अजीत कुमार, थाना प्रभारी, कोर्रा, हजारीबाग, पु०अ०नि० महेश पासवान, कोर्रा थाना, हजारीबाग, पु०अ०नि० बिटू रजक, कोर्रा थाना, हजारीबाग, पु०अ०नि० पुनू यादव, कोर्रा थाना, हजारीबाग, पु०अ०नि० रौशन कुमार, कोर्रा थाना, हजारीबाग. प्रभारी, तकनीकी शाखा, हजारीबाग, कोर्रा थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित