हजारीबाग , सितंबर 02 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में लगातार छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले कुख्यात कोढ़ा गिरोह के खिलाफ हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

लोहसिघंना थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 27 ग्राम सोने के आभूषण, चोरी की मोटरसाइकिलें, फर्जी नंबर प्लेट, की-पैड मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक सितंबर को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि पूर्व में जिले में छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाला कोढ़ा गिरोह फिर से शहरी क्षेत्र में सक्रिय हुआ है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग एवं छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर शहर के विभिन्न संभावित स्थानों पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान लोहसिघंना थाना प्रभारी ने हजारीबाग झील के आसपास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को देखकर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मिट्ठु यादव, रितिक कुमार यादव, सन्नी कुमार और अमन यादव, सभी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार, बिहार बताया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने दोनों मोटरसाइकिलों को चोरी का बताते हुए उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गिरोह का मुख्य काम मोटरसाइकिल का नंबर बदलकर लोगों से सोने-चांदी के आभूषण और चेन छीनना तथा बैंक और पोस्ट ऑफिस से निकलने वाले लोगों की रेकी कर उनके रुपये छीनना या चोरी करना है। आरोपियों ने बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में 100 से अधिक घटनाओं को अंजाम देने की बात पुलिस को बताई है।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के स्थानीय नेटवर्क तक भी पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार अरशद खान, अजहर खान और अफसर खान, तीनों ग्राम मरहेड़ी, थाना चौपारण के रहने वाले हैं और गिरोह के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों को रखने तथा उनके रख-रखाव में मदद करते थे। पुलिस ने तीनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और उनके घर से दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

वहीं, गिरोह के एक अन्य सदस्य सावन कुमार को गिरफ्तार कर पूर्व के एक मामले में छीने गए आभूषण भी बरामद किए गए। पुलिस की पूछताछ में गिरोह के कथित मुख्य संचालकों के रूप में पुसु यादव, आनंद यादव और विकास यादव उर्फ रंगीला यादव के नाम सामने आए हैं। इनके अलावा सावन कुमार, सुजल कुमार यादव और राजकुमार यादव समेत अन्य सदस्यों के भी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अमन यादव पहले दो बार मोटरसाइकिल चोरी और छिनतई के मामलों में जेल जा चुका है, जबकि सन्नी कुमार मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका है। मिट्ठु यादव भी पश्चिम बंगाल में अवैध शराब के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस की इस कार्रवाई को हजारीबाग जिले में सक्रिय छिनतई गिरोह के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा पूर्व में की गई घटनाओं की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित