हजारीबाग , मार्च 02 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़ाबाजार ओपी क्षेत्र के हुरहुरू मुहल्ला स्थित पासवान टोला के एक कुएं से बरामद शव मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है।
हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 25 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 9:30 बजे कुएं से एक शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान सिकेन्द्र कुमार उर्फ ललू गोप के रूप में की गई। मृतक के भाई संजय कुमार के आवेदन पर सदर (बड़ाबाजार) थाना कांड संख्या 55/26, दिनांक 25फरवरी 2026, धारा-3(1)/238/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले के अनुसंधान एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। जांच के क्रम में प्रताप कुमार दास उर्फ छोटू (23 वर्ष), पिता रामकुमार दास, निवासी हुरहुरू पासवान मुहल्ला, थाना बड़ाबाजार ओपी, जिला हजारीबाग को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि 23 फरवरी 2026 की शाम लगभग 5:30 से 6:00 बजे के बीच मृतक के साथ उसका विवाद हुआ था। विवाद के दौरान धक्का-मुक्की में मृतक गिर गया, जिसके बाद अभियुक्त ने पत्थर से वार कर दिया तथा रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद शव को कम्बल से ढककर छोड़ दिया गया। अगले दिन रात में शव को कम्बल में लपेटकर घसीटते हुए पासवान मुहल्ला स्थित कुएं में फेंक दिया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कम्बल, अभियुक्त द्वारा पहना गया कपड़ा भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त 23 वर्षीय प्रताप कुमार दास उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास रहा है। अभियुक्त पूर्व में कोर्रा थाना कांड संख्या 242/23 में छिनतई के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित