हजारीबाग , जनवरी 23 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र के कोलघटी इलाके से करीब 20.5 किलोग्राम अफीम के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार आज किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को गुप्त सूचना मिली कि कोलघटी क्षेत्र में एक सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति बोरे में संदिग्ध सामान लेकर घूम रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
एसआईटी टीम द्वारा कोलघटी क्षेत्र के मलती मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक सफेद रंग की अपाची मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में मोटरसाइकिल पर रखे एक बोरे से भारी मात्रा में अफीम बरामद की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपना नाम बताया - दीपक कुमार दांगी (20 वर्ष), बरुण कुमार (27 वर्ष) और सुदेश यादव (20 वर्ष)। सभी चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दीपक और बरुण गिद्धौर पांडेय टोला के हैं, जबकि सुदेश राम सागर टोला का रहने वाला है। लोहसिंघना थाना कांड संख्या-07/26 दिनांक 22.01.2026 धारा 17(सी)/18(सी)/21(सी)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया। बरामद सामग्री में 20.5 किलोग्राम अफीम और सफेद अपाची मोटरसाइकिल शामिल है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर (अंगरक्षक सहित), थाना प्रभारी निशांत केरकेटा, वेद प्रकाश पाण्डेय (पेलावल ओपी), बिट्टू रजक, पिंटू कुमार (लोहसिंघना), काशीनाथ सिंह (कोर्रा) और सशस्त्र-पैंथर बल थे।
पुलिस अधीक्षक ने इसे ड्रग्स तस्करी रोकने की दिशा में बड़ा कदम बताया। चतरा से हजारीबाग की ओर अफीम सप्लाई का यह रूट अब निगरानी में है और अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित