हजारीबाग , फरवरी 25 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के जीटी रोड स्थित महुदी बाजार में अंजली ज्वेलर्स को निशाना बनाकर अज्ञात अपराधियों ने बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया।

बीती रात चोर दुकान के पिछले दरवाजे से अंदर घुसे और पूरे प्रतिष्ठान को खंगाल डाला। इसके बाद गैस कटर की मदद से तिजोरी काटकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात उड़ा ले गए।

दुकान संचालक अनिल कुमार के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर प्रसाद और चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। टीम ने फिंगर प्रिंट समेत अन्य तकनीकी सबूत भी एकत्र किए।

एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने आज बताया कि कुछ दिन पहले झुमरी तिलैया में भी इसी तरह की वारदात हुई थी। दोनों घटनाओं के बीच समानता को देखते हुए तकनीकी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

मौके पर एसआई रवि रंजन, एसआई सुबिंदर कुमार, एसआई श्रवण पासवान, जगदीश चंद्र प्रधान, रामू महतो सहित फॉरेंसिक टीम और पुलिस बल के जवान मौजूद थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित