हजारीबाग , फरवरी 14 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बहेरा कजरी के भुरकुंडा टोला में देर रात जंगली हाथियों के हमले में लगभग 30 वर्षीय फुलमनी देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति लगभग 40 वर्षीय राजेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के अनुसार फुलमनी देवी हाल ही में अपने मायके से लौटी थीं और कुछ समय पूर्व ही दोनों की शादी हुई थी। दोनों पति-पत्नी अत्यंत गरीब परिवार से थे और ईंट भट्ठा में काम कर जीवन-यापन कर रहे थे। अचानक हुए इस हमले से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही चुरचू प्रखंड प्रमुख निरंजन प्रसाद नायक एवं चुरचू मुखिया संघ अध्यक्ष सह बहेरा पंचायत मुखिया देवकी महतो मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
मुखिया देवकी महतो ने सभी डीलरों से पीड़ित परिवार को भोजन सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था कराई। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मृतक के पति को नौकरी, 10 लाख रुपये मुआवजा, एक पक्का मकान तथा क्षेत्र में हाथियों से बचाव के लिए स्ट्रीट लाइट, डुगडुगीया, टॉर्च और पटाखा यथाशीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की।
मौके पर डीलर बैजनाथ राम, भीमसेन टुडू, कुलेश्वर गंजू, लखीराम मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोग वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित