हजारीबाग , फरवरी 16 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बादाम पंचायत के बाबूपारा गांव में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध दंपति की निर्मम हत्या कर दी।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। बुजुर्ग दंपति की पहचान बाबूपारा गांव के शिक्षक रामविलास दास के पिता वकील राम और माता झुनिया देवी के रूप में की गई है। घटना की जानकारी सोमवार सुबह आसपास के लोगों को तब हुई, जब काफी देर तक घर से कोई हलचल नहीं दिखा।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो गांव में अफरा-तफरी मच गई। हत्या किन कारणों से की गई है, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित