हजारीबाग , जून 07 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के सेल्हारा पंचायत स्थित भोक्ता टोली में बालू लदे ट्रैक्टर के पलटने से एक युवा चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय अनिल भोक्ता, पिता महावीर भोक्ता, के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अनिल भोक्ता बालू लेकर भगहर क्षेत्र से अपने गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक घुमावदार मोड़ पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक अनिल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लोगों का कहना है कि बालू ढुलाई में लगे वाहन चालक अक्सर कार्रवाई के डर से जल्दबाजी में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ग्रामीणों ने दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ना संभावित कारण बताया है।
अनिल भोक्ता की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। वह अपने पीछे पत्नी और मात्र तीन माह की एक बच्ची छोड़ गया है। घर के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित