हजारीबाग , मई 12 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चतरा मोड़ के समीप सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद किया है।

वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि 11 मई को गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना पुलिस द्वारा चतरा मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से अवैध अंग्रेजी शराब की 09 पेटी किंगफिशर बीयर, जिसमें कुल 120 पीस बीयर कैन/बोतल शामिल थे, तथा 08 पीस ब्लेंडर शराब की बोतल बरामद की गई।

मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों मेंमृत्युंजय कुमार, पिता - रामरक्षा सिंह, निवासी - कंजिया, इटखोरीबीरेंद्र कुमार, पिता - प्रभु यादव, निवासी - नावाडीह, चौपारण शामिल हैं।

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस प्रकार के अवैध कार्य में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चौपारण पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित