हजारीबाग , जून 03 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पदमा ओपी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई 2 जून 2026 को एनएच-33 से चमेली झरना जाने वाले मार्ग पर की गई।

पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त क्षेत्र में कुछ लोग अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 24 वर्षीय संदीप कुमार पासवान, ग्राम जीहू, पदमा तथा 23 वर्षीय सुभाष कुमार राम उर्फ निखिल कुमार, ग्राम बरवा, ईचाक को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 15 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इस संबंध में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 177/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में पदमा ओपी प्रभारी संचित कुमार, आलोक कुमार सोरेन, राजेश कुमार हाजरा सहित पदमा ओपी के पुलिसकर्मी और रिजर्व गार्ड शामिल थे।

हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित