रांची , मई 09 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र में रविवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
लगातार हुई इन दुर्घटनाओं से इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पहली घटना सुबह उस समय हुई, जब सब्जियों से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी के रूप में की गई है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर गोरहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे चालक के शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया।
वहीं दूसरी घटना सुबह करीब 10 बजे गोरहर गांव के पास हुई, जहां चार वाहन आपस में टकरा गए। इस श्रृंखलाबद्ध हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन ने बताया कि दोनों हादसों की जांच की जा रही है। इधर स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क, तेज रफ्तार वाहनों और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यह इलाका अब सड़क दुर्घटनाओं का 'ब्लैक स्पॉट' बनता जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित