रांची , सितंबर 22 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव स्थित एनटीपीसी के पकरी बरवाडीह कोल माइंस में मंगलवार सुबह हुए हादसे में त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड के सुपरवाइजर 35 वर्षीय विभूति साहू की मौत हो गई।
हादसा मिड-स्केल सेक्टर में हुआ, जहां काम के दौरान विभूति साहू त्रिवेणी सैनिक के एक वाहन की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक मूल रूप से ओडिशा के रहने वाले थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद खदान में सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन ने मृतक के परिवार के लिए दो करोड़ रुपये मुआवजा और एक आश्रित को तत्काल नौकरी देने की मांग की है। यूनियन के एनएमएल जोनल सचिव मोहम्मद जहूर ने एनटीपीसी और त्रिवेणी सैनिक प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खदान में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
यूनियन ने हादसे की डीजीएमएस से निष्पक्ष जांच कराने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा मृतक के परिवार को दो करोड़ रुपये मुआवजा तथा एक आश्रित को तत्काल नौकरी देने की मांग रखी गई है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर गंभीर पहल नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
त्रिवेणी सैनिक लिमिटेड के अधिकारी उत्तम झा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और मुआवजे तथा नौकरी को लेकर बातचीत चल रही है। हादसे के बाद प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मानकों और कार्यस्थल पर वाहनों की आवाजाही की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। अब मृतक के परिजनों और यूनियन की मांगों पर प्रबंधन की अगली कार्रवाई का इंतजार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित