हजारीबाग , जनवरी 21 -- झारखंड के हज़ारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकदा में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध हज़ारीबाग पुलिस एवं वन विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया।
प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में बिहार सीमा से सटे फल्गु नदी किनारे स्थित दुर्गम इलाकों में करीब 70 एकड़ में लगी अवैध अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
अभियान के दौरान घटनास्थल से 15 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया। अवैध रूप से अफीम की खेती में संलिप्त व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान के बाद उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, पुनि चंद्रशेखर (बरही अंचल), थाना प्रभारी चौपारण सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुबिन्दर राम, एसआई रतन टुडू, एएसआई बदल महतो, सशस्त्र बल के जवान एवं बनपाल कुलदीप कुमार शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि दुर्गम एवं पहाड़ी इलाकों में ड्रोन के माध्यम से अवैध अफीम की खेती की पहचान कर उसे नष्ट किया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित