हजारीबाग , जुलाई 24 -- झारखंड में हजारीबाग जिले के पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार भेजी जा रही 18 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है।
इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दो कारों को भी जब्त कर लिया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को 23 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि कमलवार से अंबाजीत जाने वाली सड़क पर एक सफेद रंग की कार से शराब लाकर दूसरी कार में लोड कर बिहार भेजी जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी टीम जब कमलवार मोड़ से लगभग 500 मीटर आगे अंबाजीत रोड पहुंची तो दो कारें आमने-सामने खड़ी मिलीं। दोनों वाहनों की डिक्की खुली थी और कुछ लोग एक कार से दूसरी कार में सामान लोड कर रहे थे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौपारण थाना क्षेत्र के दबगर मोहल्ला निवासी सोनू कुमार दास (35 वर्ष) तथा बिहार के गया जिले के डोभी थाना अंतर्गत करमोनी गांव निवासी आशीष कुमार (20 वर्ष) और संतोष कुमार यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर हुंडई वरना कार से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 11 पेटी तथा अल्टो कार से 7 पेटी बरामद हुई। कुल 18 पेटी में 864 पीस अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसके संबंध में आरोपित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब को बगोदर से हुंडई वरना कार में लाया गया था और उसे अल्टो कार के माध्यम से बिहार भेजने की तैयारी चल रही थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा दोनों कारों और अवैध शराब को जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक श्रवण कुमार पासवान, सहायक अवर निरीक्षक बादल महतो एवं चौपारण थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित