हजारीबाग , जनवरी 12 -- झारखंड हजारीबाग जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रपुरी चौक के पास एक जनवरी को हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है।

इस मामले में हत्या में शामिल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं हत्या में प्रयुक्त खून लगे तलवार एवं बेसबॉल बैट भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक जनवरी की रात करीब 10 बजे कोलघटी में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ अपराधियों ने प्रतिशोध की भावना से लैस होकर इन्द्रपुरी चौक के समीप सुरज कुमार राणा पर तलवार, डंडा एवं अन्य घातक हथियारों से निर्मम हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में कुलदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना के संबंध में मृतक की पत्नी काजल कुमारी (निवासी-मंडई खुर्द, थाना लोहसिंघना) के लिखित आवेदन के आधार पर लोहसिंघना थाना कांड संख्या 01/26 (दिनांक02 जनवरी 2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस 2023) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

कांड के त्वरित उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, हजारीबाग श्री अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। एसआईटी द्वारा नई दिल्ली, भिलाई (म.प्र.), नोएडा (उ.प्र.), चतरा, रामगढ़, रांची एवं बड़कागांव थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया।

इसी क्रम में 10 जनवरी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नोएडा सेक्टर-126 (उ.प्र.) से राहुल कुमार, रौशन कुमार एवं दीपक कुमार को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया। कड़ाई से पूछताछ के बाद शेष अभियुक्तों सोनू कुमार, राहुल उर्फ लोला, अमन कुमार उर्फ रोहन एवं मुकेश कुमार को बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराडीह से गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, कांड में संलिप्त एक विधि-विवादित किशोर को कोलघटी से निरुद्ध किया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके विरुद्ध पूर्व में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। छापामारी दल में लोहसिंघना, बड़कागांव, सदर थाना सहित तकनीकी शाखा एवं सशस्त्र बल के पदाधिकारी-कर्मी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित