लखनऊ , अप्रैल 01 -- पहलगाम आतंकी हमले को लेकर सोशल मीडिया में टिप्पणी करने वाली लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने बुधवार को अपने पति हिमांशु सिंह के साथ हजरतगंज थाने पहुंच कर बेल बॉन्ड की औपचारिकता पूरी की। नेहा सिंह उच्चतम न्यायालय से अग्रिम जमानत मिलने के बाद हजरतगंज कोतवाली पहुंचीं थी।

नेहा सिंह के पति हिमांशु ने बताया कि थाने में एसएचओ के मौजूद न होने के कारण प्रक्रिया तत्काल पूरी नहीं हो सकी, जिससे उन्हें कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। बाद में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।

गौरतलब है कि नेहा सिंह राठौर को 10 मार्च को उच्चतम न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली थी। शीर्ष अदालत की पीठ, जिसमें जस्टिस जे.के. महेश्वरी और जस्टिस ए.एस. चंदुरकर शामिल थे, ने उन्हें राहत देते हुए कहा था कि वह पहले ही जांच एजेंसियों के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज करा चुकी हैं। अदालत ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए आगे भी जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया है।

इससे पहले उनकी अग्रिम जमानत याचिका इलाहाबाद उच्च न्यायालय से खारिज हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। 7 जनवरी को उन्हें अंतरिम राहत मिली थी और बाद में 10 मार्च को नियमित अग्रिम जमानत दे दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित