श्रीनगर , अक्टूबर 22 -- जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा उप-जिले में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी और भड़काऊ पोस्टर चिपकाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। जांचकर्ताओं को इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने का संदेह है।
पुलिस ने बताया कि हंदवाड़ा पुलिस स्टेशन में कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने हालांकि अभी गिरफ्तार आरोपी की पहचान उजागर नहीं की है। हंदवाड़ा पुलिस के अनुसार," राष्ट्रविरोधी और भड़काऊ पोस्टर चिपकाने के संबंध में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।"जांच के दौरान इस कथित साजिश में अन्य व्यक्तियों की संदिग्ध भूमिका सामने आई है। पुलिस ने कहा कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित