बैतूल , मई 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुलताई पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में हंगामा और मारपीट करने वाले आठ लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी मुलताई के मार्गदर्शन में की गई।

पहली घटना में डायल-112 पर सूचना मिली थी कि महाकाल ढाबा के पास कुछ युवक आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि विवाद के कारण वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। समझाइश के बावजूद युवक शांत नहीं हुए और मारपीट पर उतारू हो गए।

इसके बाद पुलिस ने अभिषेक उर्फ बिट्टू गुलबाके, निखिल खंडाग्रे, गुरूसेवक कवड़े, अनिकेत बोडखे, विनोद कवड़े और रोहित बराठे को पकड़कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत कार्रवाई की।

दूसरी घटना जय स्तंभ स्थित काली मंदिर मोड़ की है, जहां अभिमन्यु बुआड़े सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस की समझाइश के बावजूद शांत नहीं होने पर उसके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

तीसरी घटना नागपुर रोड की बताई गई है, जहां शिवाजी डोंगरदिये राहगीरों के बीच हंगामा और गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, उपनिरीक्षक मोनिका पटले तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित