अजमेर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को वार्ड संख्या 80 स्थित वैशाली नगर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में तीन अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया।
इन कक्षा-कक्षों का निर्माण डीएमएफटी फंड से 44.82 लाख रुपये की लागत से अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा कराया जायेगा। विद्यालय में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण किया जा रहा है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों में भवन, अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, प्रयोगशालाएं, खेल सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बनने वाले नये कक्षा-कक्ष विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करेंगे तथा उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित किये जा रहे पांच बालिका सैनिक स्कूलों में से एक अजमेर में बनाया जा रहा है। आज देश की महिलाएं सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऎसे में अजमेर में बालिकाओं के लिए सैनिक स्कूल की स्थापना उन्हें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
श्री देवनानी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे केवल विद्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि घर-घर जाकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से संवाद करें। इससे विद्यालयों में नामांकन एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में धन की कमी नहीं आने देगी तथा शैक्षणिक सुविधाओं के निरंतर विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि अजमेर में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों के माध्यम से विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित