मैनपुरी, मई 10 -- उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जनपद के थाना एलाऊ क्षेत्र में एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से साइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई है।

हादसा रविवार सुबह उस समय हुआ जब ग्राम गदाईपुर निवासी पंकज (35) साइकिल से प्रेस किए हुए कपड़े लेकर जा रहे थे। बताया गया है कि कुसमरा की ओर से आ रहे एक वाहन ने सामने से टक्कर मार दी, जिससे पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सैफई में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक पंकज अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और अपने पीछे पत्नी तथा तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित