पटना, मई 11 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ दिवंगत नेता एवं पटना पश्चिम से पूर्व विधायक रहे नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 77वीं जयंती के अवसर पर रविवार को राजधानी पटना के शास्त्री नगर स्थित नवीन सिन्हा पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर स्व. सिन्हा के पुत्र एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में दीघा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक संजीव चौरसिया सहित कई वरिष्ठ नेता, पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्व. सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।
श्री नवीन ने कहा कि उनके पिता स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा, संगठन और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते थे तथा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उन्होंने कहा कि उनके पिता के आदर्श, विचार और जनसेवा की भावना आज भी उन्हें प्रेरित करती है।उन्होंने कहा कि स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने पटना पश्चिम क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। जनता के बीच उनकी सादगी, सहजता और कर्मठता के कारण वे अत्यंत लोकप्रिय नेता के रूप में पहचाने जाते थे और आज भी लोग उन्हें सम्मान एवं श्रद्धा के साथ याद करते हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी स्व. सिन्हा के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वक्ताओं ने कहा कि उनके द्वारा स्थापित मूल्यों एवं आदर्शों का अनुसरण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित