स्टॉकहोम , सितंबर 17 -- स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने 13 सितंबर को हुए संसदीय चुनावों में दक्षिणपंथी गठबंधन की हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मैग्डालेना एंडरसन के नेतृत्व वाले केंद्र-वाम (सेंटर-लेफ्ट) विपक्षी गठबंधन ने बेहद मामूली अंतर से बहुमत हासिल किया है। प्रधानमंत्री के इस्तीफे के बाद अब संसद के अध्यक्ष नयी सरकार के गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू करेंगे।

स्वीडिश संसद 'रिक्सडैग' की 349 सीटों में से विपक्षी गठबंधन को 176 सीटें मिली हैं, जबकि श्री क्रिस्टरसन की निवर्तमान रूढ़िवादी सरकार का समर्थन करने वाली पार्टियों को 173 सीटें प्राप्त हुई हैं। पूरे देश में दोनों गठबंधनों के बीच महज 50,000 वोटों का अंतर रहा। मॉडरेट पार्टी के नेता क्रिस्टरसन ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की घोषणा की।

अपने संदेश में श्री क्रिस्टरसन ने कहा, "अब स्पीकर नयी सरकार के गठन के अगले चरण का नेतृत्व करेंगे। मैं प्रधानमंत्री पद से मुक्त होने का अनुरोध करता हूं ताकि यह प्रक्रिया तुरंत शुरू हो सके।" उन्होंने एंडरसन को सरकार बनाने के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं और गठबंधन सहयोगियों के बीच मतभेदों को सुलझाने की चुनौती की ओर इशारा किया।

पूर्व प्रधानमंत्री मैग्डालेना एंडरसन के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन में सोशल डेमोक्रेट्स, लेफ्ट पार्टी, ग्रीन्स और सेंटर पार्टी शामिल हैं। एंडरसन ने हालांकि बातचीत शुरू कर दी है, लेकिन गठबंधन के भीतर वैचारिक मतभेद नई सरकार के गठन को जटिल बना सकते हैं। सेंटर पार्टी ऐसे किसी मंत्रिमंडल का विरोध कर रही है जिसमें लेफ्ट पार्टी के मंत्री शामिल हों, जबकि लेफ्ट पार्टी सरकार में प्रतिनिधित्व की मांग कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित