चंडीगढ़/स्टॉकहोम , अक्टूबर 16 -- स्वीडन में बसे सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को इंडिया हाउस में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्वीडन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। बैठक में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान हरियाणा में निवेश की संभावनाओं, रोजगार सृजन और युवाओं को सशक्त बनाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि हरियाणा निवेश और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए इसे जड़ से खत्म करने की दिशा में ठोस प्रयास करने की आवश्यकता बताई। सदस्यों ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए रोजगार, शिक्षा और विकास के अवसर बढ़ाना जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित