मस्कट , जून 23 -- ईरान की संसद के अध्यक्ष और अमेरिका के साथ वार्ता में प्रमुख वार्ताकार मोहम्मद बाकिर गालिबफ ने मंगलवार को ओमान के सुल्तान हैसम बिन तारिक से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों, ईरान-अमेरिका समझौता ज्ञापन (एमओयू) से जुड़े घटनाक्रमों तथा होर्मुज जलडमरूमध्य के भविष्य के प्रबंधन पर चर्चा की।

स्विट्जरलैंड वार्ता के बाद ओमान गये ईरानी प्रतिनिधिमंडल के नेता श्री गालिबफ ने अल-बराका पैलेस में हुई बैठक में ईरान और ओमान के बीच सहयोग बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। ओमान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में इसकी जानकारी दी।

बयान के अनुसार सुल्तान हैसम ने ईरान-अमेरिका वार्ता का समर्थन करते हुए उम्मीद जतायी कि लंबित मुद्दों का शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान निकलेगा। इनमें होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की बहाली, परमाणु मुद्दा और अन्य संबंधित चुनौतियां शामिल हैं।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी आधिकारिक दौरे पर श्री गालिबफ के साथ मस्कट पहुंचे हैं। प्रतिनिधिमंडल के आगमन के बाद ईरान और ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों पर विचार के लिए एक संयुक्त समिति गठित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित